मोदीनगर निवाड़ी थाना क्षेत्र में सिरफिरे ने नवंबर 2024 महीने में डायल 112 पर 746 बार काल की। खुद को विपरीत परिस्थितियों में फंसा होने की झूठी सूचना दी। 155 बार इवेंट आइडी जारी हुई। पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) मौके पर पहुंची। इसके बाद वापस लौट गई। मामले में डायल-112 के निरीक्षक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
आपातकालीन परिस्थिति में फंसने पर राहत के लिए शासन की तरफ से डायल 112 हेल्पलाइन जारी की गई है। इसपर तत्काल पुलिस सहायता मिलती है। काल करने पर मुख्यालय से तत्काल संबंधित पीआरवी को मौके पर भेजा जाता है। नवंबर महीने में एक ही नंबर से डायल 112 पर 746 बार काल की। हर बार खुद को गंभीर स्थिति में फंसा होना बताया। जिसपर पीआरवी मौके पर गई। लेकिन मौके पर कुछ नहीं मिला। बाद में नंबर भी बंद हो गया। इसी तरह बार-बार झूठी सूचना देकर पुलिस को माैके पर बुलाया गया। लगातार झूठी सूचनाएं मिलने पर पुलिस ने नंबर की कुंडली खंगाली। जिसमें पता चला कि आरोपी निवाड़ी का कुम्हैड़ा गांव का समीर है। डायल 112 के प्रभारी निरीक्षक रवि बालियान की तरफ से निवाड़ी थाने में केस दर्ज कराया गया। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपित की तलाश में पुलिस जुटी है। जल्द उसकी गिरफ्तारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *