मोदीनगर : पुलिस ने आपराधिक घटनाओं में लिप्त तीन बदमाशों को ढोल-ताशों के साथ जिला बदर किया है।मंगलवार को पुलिस ने मुनादी कर तीनों बदमाशों को जिले की सीमा से बाहर निकाल दिया। छह महीने के भीतर अगर ये जिले में आये तो पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज देगी। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि मोदीनगर की नंदनगरी का हेमंत व उसका भाई मनोज और गोविंदपुरी में विकास पुत्र अशोक कुमार पर कार्रवाई की गई है। आरोपी हेमंत व मनोज पर तीन मुकदमे हैं। जबकि आरोपी विकास ने व्यापारी के बेटे का अपहरण किया था। तीनों के खिलाफ पुलिस ने गुंडा अधिनियम में कार्रवाई की। साथ ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर की तरफ से तीनों को जिलाबदर करने के आदेश जारी किए गए। मंगलवार को पुलिस ने तीनों आरोपितों को पकड़ा और कादराबाद चेक पोस्ट लेकर पहुंची। यहां मुनादी कर तीनों आरोपितों को जिले की सीमा से बाहर निकाला गया। चेतावनी दी यदि कोई भी छह महीने के भीतर जिले में दिखा तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *