हिमाचल प्रदेश के ऊना में मंगलवार को बड़ी ही दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई है। यहां टाहलीवाल में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद लगी आग से छह महिला मजदूर जिंदा जल गई, जबकि 12 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
सूचना पर दमकल लेकर पहुंची पुलिस ने झुलसे लोग को अस्पताल पहुंचाया और शवों को मोर्चरी में रखवाया।
इसके बाद दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

हादसा
धमाके के बाद लगी आग से झुलसे मजदूर
बाथू औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फैक्ट्री में दोपहर करीब 25-30 मजदूर काम कर रहे थे। उसी दौरान वहां अचानक तेज धमाका हुआ और उससे लगी आग ने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद कई मजदूर फैक्ट्री से बाहर आ गए, लेकिन छह महिला मजदूर आग की चपेट में आने से जिंदा जल गई और 12 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

बचाव कार्य
आग बुझाने में जुटी चार दमकलें
आग की सूचना पर चार दमकल लेकर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने का कार्य शुरू कराया। इस दौरान शवों को बाहर निकाला और झुलसे हुए लोगों को सियान अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से छह मजदूरों को गंभीर अवस्था में ऊना जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया।
पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

धमाका
हादसे में झुलसने से हुई मां-बेटी की मौत
धमाका इतना जबरदस्त और भयानक था कि आस-पास की फैक्ट्रियों के शीशे टूट गए। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में काम करने वाली उत्तर प्रदेश के बिलासपुर गांव निवासी अख्‍तरी देवी पत्‍नी अनवर (45) और उसकी बेटी अनमता (18) सहित 6 महिलाएं जिंदा जल गई।
फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इसी तरह फैक्ट्री के लाइसेंस की भी जांच की जा रही है।

बयान
अवैध रूप से संचालित हो रही थी फैक्ट्री
इस फैक्‍टरी का संचालन अवैध रूप से हो रहा था। फैक्ट्री संचालक ने इसके लिए पंचायत प्रशासन ने अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी नहीं ले रखी थी। इसी तरह फैक्‍टरी में पानी का कनेक्‍शन भी नहीं लिया गया था।
उन्होंने बताया कि यह फैक्‍टरी स्वां नदी के बिल्कुल छोर पर थी। आसपास के लोगों और पड़ोसियों को भी इसकी जानकारी नहीं थी। हादसे के शिकार सभी लोग अन्‍य राज्‍यों के निवासी हैं।

दुख
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया घटना पर दुख
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘हिमाचल प्रदेश के ऊना की एक फैक्ट्री में हुआ हादसा दुखद है। जिन लोगों को इसमें अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

इसी तरह केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *