मोदीनगर :दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर थाना भोजपुर क्षेत्र में रविवार की देर रात में एक तेज रफ्तार ट्रक ने गश्त कर रही पुलिस की 112 (पीआरवी) गाड़ी को भीषण टक्कर मार दी । जिसमें तैनात एक कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मेरठ परीक्षितगढ़ नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन व उनका साथी घायल हो गया। ट्रक तेज गति में था। करीब 100 मीटर तक उसने पीआरवी को घसीटा। पीआरवी के परखच्चे उड़ गए। चारों टायर फट गए। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को सीज कर दिया है। मुजफ्फरनगर जिले के थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव मेघाखेड़ी के अनुज कुमार 2011 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। वे हेड कांस्टेबल थे। उनकी ड्यूटी पिछले एक साल से डायल 112 पर गाजियाबाद जिले में चल रही थी। रविवार रात मेरठ के परीक्षितगढ़ नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन अमित मोहन गुप्ता अपने साथी परवेज खान त्यागी के साथ थार कार से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे से मेरठ की तरफ जा रहे थे। इस बीच भोजपुर में कलछीना के निकट उनकी थार डिवाईडर ने टकरा गई। उनकी सूचना पर मदद के लिए पीआरवी 6644 से अनुज व पंकज मौके पर पहुंचे। दोनों को थार से निकालकर पीआरवी में बैठाया। परवेज के कहने पर पंकज उनकी थार को लाक करने चले गए। इस बीच अनुज प्राथमिक उपचार की किट लेने के लिए पीआरवी की डिक्की खोलने लगे। तभी पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने पीआरवी में टक्कर मार दी। ट्रक तेज स्पीड़ में था। पीआरवी को घसीटते हुए करीब 100 मीटर दूरी पर ट्रक के ब्रेक लगे। हादसे में अनुज का पैर उनके शरीर से अलग हो गया। आनन-फानन में भोजपुर पुलिस अनुज, परवेज व अमित को मेरठ के अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया। परवेज व अमित का उपचार चल रहा है। मेरठ पुलिस ने अनुज का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, पुलिस ने रात में ही आरोपी ट्रक चालक ऋषिकेश को पकड़ लिया। सूचना पर अनुज के परिवार के लोग भोजपुर थाने पहुंचे।
केस दर्ज कर भोजपुर पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। आगे की कार्रवाई चल रही है। अमित सक्सेना, एसीपी मोदीनगर।
–
