Ghaziabad के लोनी में शादी की तमाम रस्मों और रिवाजों के बीच दूल्हा और दुल्हन अपना वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। लोकतंत्र के महायज्ञ में गाजियाबाद और लोनी में ऐसी तस्वीर सामने आई, जब वोट के लिए लाइन में लगे लोगों ने भी इनकी हौसला आफजाई की।
सैन विहार निवासी नरपाल सिंह राजपूत की बेटी मनाली राजपूत की बृहस्पतिवार रात बरात आई, इससे पहले दोपहर को उन्होंने परिवार के साथ जाकर भूड़ भारत नगर स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मनाली की शादी ग्रेटर नोएडा निवासी वैभव से हो रही है। पिता और मां संगीता के साथ वोट डालने पहुंची मनाली ने कहा कि शादी वाले घरों में बेशक कई काम होते हैं, लेकिन अच्छी सरकार के लिए हर एक वोट जरूरी है। लोनी के मेन बाजार में रहने वाली डॉ. मीनाक्षी सक्सेना की बृहस्पतिवार को शादी थी। उनके हाथों में मेहंदी थी। घर में शहनाई बज रही थी। परिवार के लोग बरात के स्वागत की तैयारी कर रहे थे, लेकिन मीनाक्षी लोगों को जागरूक करते हुए मेंहदी रचे हाथों से मतदान स्थल पर पहुंची। इस दौरान उनके परिवार के लोग भी वोट डालने पहुंचे। दुल्हन के मतदान स्थल पर पहुंचने पर लाइन में खड़े लोगों ने पहले उन्हें और परिवार के लोगों को वोट डालने दिया। वहीं, चिरौड़ी गांव में रहने वाले योगेंद्र की शादी भी बृहस्पतिवार को थी। उनकी बरात बागपत जा रही थी। वह तैयारी थे, घर से घोड़ी पर चढ़कर जा रहे थे। रास्ते में मतदान स्थल पर वह रुके और परिवार के सभी सदस्यों के साथ उन्होंने अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद वह वहीं से घोड़ी पर चढ़कर अपनी दुल्हन को लेने गए।