–तीन महीने से टूटी हुई थी पुल की दीवार,एक महीने पहले भी यहां फसी थी कार
मोदीनगर : मोदीनगर में नोएडा जैसा हादसा हो गया। बृहस्पतिवार रात स्कूटी सवार बहन भाई दिल्ली मेरठ मार्ग स्थित गंदे नाले में गिर गए। हादसे में बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नाले से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंदे नाले के नए व पुराने पुलों के बीच लगभग 4 फीट का गैप है और पुराने पुल की दीवारें बेहद छोटी व टूटी हुई है। जिस कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं।हादसे के बाद अधिकारियों की नींद टूटी और मौके पर निरीक्षण किया। एसडीएम ने एक सप्ताह के भीतर दीवार तैयार करने व पुल के बीच के गैप को पूरे करने के नगरपालिका को आदेश जारी किये हैं। पुल की यह दीवार करीब तीन महीने से टूटी हुई थी। एक महीने पहले ही यहां कार भी फंस गई थी।मोदीनगर की सुदामापुरी कालोनी के अनिल के भाई नीरज की बृहस्पतिवार को शादी का वर्षगांठ थी। परिवार के लोग गोविंदपुरी में नाले के निकट एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। सब अलग-अलग वाहन से थे। खाना खाने के बाद रात करीब पौने दस बजे रेस्टाेरेंट से निकले। पीछे स्कूटी पर अनिल का बेटा अजय व बेटी साक्षी बर्गर के लिए रूक गए। कुछ देर बाद वे बर्गर लेकर चले। उन्होंने नाले के पास हनुमान मंदिर के सामने कट से सड़क पार की। थोड़ी दूरी चलते ही अचानक पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजय व साक्षी पुल की टूटी दीवार से नीचे दस फीट गहरे नाले में गिर पड़े। स्कूटी सड़क पर ही रह गई। दोनों को नाले से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अजय को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी गई, पर साक्षी की हालत अभी गंभीर है। इमजरेंसी वार्ड में उनका उपचार चल रहा है। मोदीनगर एसडीएम अजित कुमार सिंह ने बताया कि टूटी दीवार काे नगरपालिका द्वारा एक हफ्ते के भीतर सही करा दिया जाएगा। घायल साक्षी की हालत में सुधार है। प्रकरण में जांच कराई जाएगी, जिस विभाग के अधिकारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
