- काफी दिन से लोग कर रहे आंदोलन, बृहस्पतिवार को भी हुआ था हंगामा
मोदीनगर मोदीपोन रोड स्थित कावेरी एन्कलेव कालोनी में लगाए जा रहे मोबाइल टावर का कार्य शुक्रवार को जीडीए ने रुकवा दिया। जीडीए की तरफ से निर्माण कार्य को सील कर दिया गया है। लोग इसको लेकर काफी समय से आंदोलन करते आ रहे थे। लगातार अधिकारियों से शिकायत की जा रही थी। अब संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने सीलिंग की कार्रवाई की है। मोदीपाेन रोड स्थित कावेरी एन्कलेव कालोनी में कुछ लोगों के द्वारा मोबाइल टावर लगाया जा रहा था। लोग इसके विरोध में थे। लोगों का कहना था कि मोबाइल टावर लगने से कालोनी के लोग गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हो जाएंगे। इसलिए कार्य को तत्काल बंद कराया जाए। लोगों ने एसडीएम से लेकर तमाम विभाग के अधिकारियों से शिकायत की। बृहस्पतिवार को कालोनी के लोग एकत्र होकर टावर निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचे और हंगामा किया। महिलाएं धरने पर बैठ गई। उन्होंने चेतावनी दी यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील का घेराव किया जाएगा। अब शुक्रवार को जीडीए ने मोबाइल टावर का निर्माण कार्य बंद कराकर उसे सील कर दिया है।