मोदीनगर। कृष्णाकुंज कॉलोनी में युवक ने पिस्टल से घर में बैठे युवक पर फायरिंग कर दी। अचानक चार राउंड फायरिंग होने से कॉलोनी में अफरा तफरी मच गई। गोली गेट व दीवार में लगी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।बागपत जिले के गांव सुन्हेडा के रामकरण इन दिनों मोदीनगर की कृष्णाकुंज कालोनी में रहते हैं। निवाड़ी के पतला के दीपक से उनकी पिछले तीन साल से पहचान है। रामकरण के मुताबिक, दीपक का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। जिसके चलते वह अपनी मां के साथ कृष्णाकुंज कालोनी में रह रही है। दीपक आरोप लगाता है कि पत्नी से विवाद के पीछे रामकरण का हाथ है। वह पत्नी व उसकी मां को रामकरण के खिलाफ भड़काता है। इसी बात से आरोपी दीपक अब रामकरण से रंजिश रखने लगा है। बृहस्पतिवार दोपहर को रामकरण घर में बैठे थे। इस बीच आरोपित आया और गाली-गलौज करने लगा। रामकरण को घर से बाहर बुलाने के लिए आवाज लगाई। लेकिन रामकरण नहीं आए। इसपर गुस्साए आरोपित ने पिस्टल से चार राउंड फायर कर दिये। ताबड़तोड़ गोली की आवाज से रामकरण घबरा कर कमरे में चले गए। उनकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले ही आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर छानबीन की। रामकरण से घटना की जानकारी ली। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि दीपक पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द उसकी गिरफ्तारी होगी।