मोदीनगर :दीनगर के गांव भनेड़ा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपा त्यागी ने अपनी कृषि भूमि की पैमाइश की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के आवास के बाहर धरना दिया।एसडीएम ने काल पर उनसे बात की। 24 घंटे में पैमाइश कराने का भरोसा दिया, तब जाकर उन्होंने धरना समाप्त किया। मोदीनगर तहसील क्षेत्र के गांव भनैड़ा की डा. दीपा त्यागी पूर्व जिला पंचायत सदस्य हैं। उनके मुताबिक, गांव में उनकी जमीन हैं, जिसपर कुछ आरोपितों ने कब्जा किया हुआ। उन्होंने जमीन की पैमाइश कराने के लिए तहसील में शिकायती पत्र दिया था। लेकिन पैमाइश नहीं कराई गई। दीपा त्यागी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को एसडीएम ने उन्हें इसी सिलसिले में कार्यालय बुलाया था। लेकिन वह कार्यालय में नहीं मिले। नाराज होकर दीपा त्यागी ने उनके आवास के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। दो घंटे से अधिक समय तक वह धरने पर बैठी रही। चेतावनी दी यदि पैमाइश नहीं हुई तो धरना जारी रहेगा। इस पर एसडीएम के पेशगार राहुल कुमार ने अपने मोबाइल से दीपा त्यागी की एसडीएम से वार्ता कराई। एसडीएम ने 24 घंटे में पैमाइश कराने का आश्वासन दिया। जिसपर दीपा त्यागी ने धरना समाप्त किया।
