मोदीनगर
दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित भगवान गंज मंडी में निर्माण कार्य को लेकर रविवार सुबह दो पक्षों में हुए झगड़े में दबंग ने व्यापारी को पिस्टल की बट मारकर घायल कर दिया और फायरिंग की। घटना से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जमा भीड़ ने किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया।
भगवान गंज मंडी निवासी प्रदीप कुमार गर्ग और मुकुल गर्ग दोनों व्यापारी है और पड़ोस में रहते है। प्रदीप गर्ग ने बताया कि पड़ोसी मुकुल गर्ग से दीवार बनाने को लेकर विवाद चल रहा है। प्रदीप ने दीवार के मुद्दे को लेकर रविवार सुबह मुकुल से वार्ता की। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। प्रदीप का आरोप है कि मुकुल और उसके पुत्र गाली गलौंज करते हुए उन्हें धमकाने लगे। आरोप है कि गुस्से में आए मुकुल ने प्रदीप के सिर में पिस्टल की बट मार दी और फायरिंग की। हमले में घायल प्रदीप को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर फायरिंग और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मुकुल गर्ग को गिरफ्तार कर लिया गया है। शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
