मोदीनगर : भाकियू अराजनैतिक के युवा विंग के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी के खिलाफ महिला से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज होने के बाद कार्यकर्ताओं में आक्रोश पैदा हो गया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने सोमवार को निवाडी थाने का घेराव कर दिया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर थाने में धरना दिया। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया। निवाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला के मुताबिक, जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी रविवार रात को उनके घर शराब की बोतल लेकर आया। उनके पति को खूब शराब पिलाई। जब पति नशे में हो गया। आरोपित ने महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध पर महिला के कपड़े तक फाड़ दिये। महिला अपनी अस्मत बचाने के लिए कमरे में गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसपर आरोपित ने उनके साथ गाली-गलौज की। धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो हत्या कर देगा। शोर सुनकर आसपास के लोग आने लगे तो आरोपित भाग निकला। महिला थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने सोमवार सुबह मुकदमा दर्ज कर लिया। सूचना पर भाकियू पदाधिकारियों को मिली तो वे एकत्र होकर निवाड़ी थाने पर पहुंच गए। यहां दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने राजनीति के तहत मनोज त्यागी पर केस दर्ज किया है। पुलिस का यह रवैया बिल्कुल सही नहीं है। यदि मुकदमा खत्म नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। काफी देर तक हंगामा चला। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें शांत कर दिया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि मनोज त्यागी पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
