मोदीनगर
कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में अश्लील कमेंटबाजी का विरोध करना किशोरी को महंगा पड़ गया। आरोपित ने परिवार के साथ मिलकर उनपर जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार के वार से किशोरी के सिर पर हाथ में गंभीर चोट आई। जातिसूचक टिप्पणी कर उन्हें अपमानित करने का भी आरोप है। मामले में चार आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। एक कालोनी के व्यक्ति कामगार हैं। उनकी 14 वर्षीय बेटी एक स्कूल में पढ़ाई करती हैं। स्कूल जाते समय पड़ोसी आरोपित किशोरी पर अश्लील कमेंटबाजी करता है। पिछले दिनों भी उसने कमेंटबाजी की, जिसकी शिकायत किशोरी ने आरोपित के स्वजन से की। आरोप है कि इसपर आरोपित के स्वजन किशोरी को ही गलत ठहराने लगे। गाली-गलौज कर उन्हें घर से भगा दिया। रात में आरोपित युवक व उसके स्वजन किशोरी के घर धारदार हथियार लेकर पहुंचे और हमला कर दिया। घर में तोड़फोड़ की। इसके बाद किशोरी पर ताबड़तोड़ वार किये। किशोरी को बचाने जब स्वजन आए तो आरोपितों ने उन्हें भी पीटा। किसी तरह वहां से भागकर उन्होंने जान बचाई। स्वजन तभी से दहशत में है। उन्होंने थाने में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। किशोरी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। उनका अब भी उपचार चल रहा है। सिर व हाथ में गंभीर घाव हैं। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि चार आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। इनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।