Modinagar। गत सप्ताह में निजी गन्ना क्रेशरों पर गन्ने के रेट में हुई वृद्धि से किसानों के चेहरों पर चमक नजर आ रही है। गन्ने के रेट में अभी और वृद्धि की संभावना से गन्ना उत्पादक किसान खुश नजर आ रहे हैं।
फरवरी माह के प्रथम सप्ताह के बाद निजी गन्ना क्रेशरों पर गन्ने के रेट में हुई वृद्धि से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। गन्ना क्रेशरों पर एक सप्ताह पूर्व करीब 240 रुपए प्रति क्विंटल रेट पर खरीदा जा रहा गन्ना अब 280 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रहा है। गन्ने के रेट में हुई उक्त वृद्धि से गन्ना किसान खासे खुश नजर आ रहे हैं। उन्हें अभी गन्ना रेट में और वृद्धि की संभावना नजर आ रही है।
गन्ना उत्पादक किसान बिजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी से लेकर करीब दस फरवरी तक बारिश व मौसम खराब रहने के चलते निजी गन्ना क्रेशरों पर ईधन की समस्या थी। जिस कारण क्रेशर संचालक गन्ना खरीद में कम रुचि ले रहे थे। उस समय गन्ने का रेट करीब 240 रुपया प्रति क्विंटल था जो अब करीब 280 रुपए तक पहुंच गया है। इससे किसान काफी खुश हैं। बबलू चैधरी गन्ना रेट में हुई वृद्धि से संतुष्ट होकर बताते हैं कि क्षेत्र में पौधा गन्ना में कीटों के प्रकोप से उत्पादन पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। जिसके चलते गन्ने की उपलब्धता निजी गन्ना क्रेशरों पर कम है। ऐसे में वह गन्ने का रेट बढ़कर गन्ना खरीद रहे हैं। जिससे किसानों को खासा लाभ मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *