-सिर, गले, पेट व सीने पर हैं धारदार हथियार के वार के निशान
मोदीनगर भोजपुर के गांव चूड़ियाला में बदमाशों ने शनिवार सुबह खेत पर रखवाली करने गए वृद्ध किसान जगत सिंह की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ पर कर हत्या कर दी।जगत सिंह का लहूलुहान शव उनके ही गन्ने के खेत में पड़ा मिला। बदमाशों ने जगत सिंह के सिर, गर्दन और कमर पर धारदार हथियार से वार किए थे गांव चुड़ियाला के जगत सिंह गुर्जर (80) किसान थे। उनके दो बेटे विनोद व अरुण है। जगत सिंह की गांव में 22 बीघा जमीन है। जहां इन दिनों ईंख बो रखी है। दोनों बेटे खेती करते हैं। विनोद बिजली विभाग में संविदाकर्मी भी हैं। जगत सिंह खेती में दोनों बेटों का हाथ बटाते थे। साथ ही खेत पर निगरानी का काम करते थे। रोजाना सुबह सात बजे खेत पर निगरानी के लिए जाते थे। शनिवार को भी वे खेत पर गए थे। लेकिन दोपहर तक भी नहीं लौटे। जगत सिंह मोबाइल नहीं रखते थे। ऐसे में उनकी पत्नी हरप्यारी और बेटे खोजने के लिए निकले। इसी बीच खेत में पानी करने गए किसान की नजर जगत सिंह के शव पर गई। किसान ने तुरंत जगत सिंह के बेटे को काल कर सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर काल किया। शव खेत में चकरोड से 200 मीटर अंदर था। सूचना पर एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शव के सिर, गले, पेट व सीने पर धारदार हथियार के वार के निशान मिले। घाव गहरे थे। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किये। जगत सिंह की हत्या की सूचना पर गांव से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने स्वजन से जगत सिंह की पुरानी रंजिश या झगड़े को लेकर बात की। लेकिन स्वजन ने इनकार किया। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। तमाम एंगलों पर जांच की जा रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
