रेलवे ट्रैक को पार करते समय हुआ हादसा
मोदीनगर :दिल्ली सहारनपुर रेल मार्ग पर नगर के सीकरी रेलवे क्रासिंग के निकट रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग अनिल शर्मा की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के सीकरी खुर्द गांव के 65 वर्षीय अनिल शर्मा अविवाहित थे। वे रविवार सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। जब वे सीकरी क्रासिंग पर पहुंचे तो फाटक बंद थे। ऐसे में वे फाटक के साइड से निकलकर रेलवे ट्रैक को पार करने लगे। इसी बीच मेरठ की तरफ से ट्रेन आ गई। जिसकी चपेट में आने से अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षत विक्षत हालत में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त हुई। एसीपी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
