माेदीनगर :निवाड़ी पुलिस ने चेकिंग के दौरान बुधवार को दो बाइक चोरों को पकड़ा है। इनके कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद हुई है। आरोपित चोरी की बाइक बेचने के लिए मेरठ जा रहे थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर अारोपितों को जेल भेज दिया है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव सौंदा के समीर व आसिफ उर्फ महताब हैं। आरोपितों ने सौंदा गांव से ही बाइक चोरी की थी। मंगलवार को इस बाइक को बेचने मेरठ जा रहे थे। लेकिन निवाड़ी थाने के निकट पुलिस चेकिंग कर रही थी। आरोपितों पर संदेह हुआ तो पुलिस ने रोककर चेकिंग की। बाइक के कागज मांगे तो आरोपित नहीं दिखा सके। इतना ही नहीं, बाइक पर नंबर प्लेट भी फर्जी थी। पुलिस आरोपितों को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में आरोपितों ने सच्चाई उगल दी। एसीपी ने बताया कि आरोपित जेल भेज दिये गए हैं। किसी सूरत में वाहनों की चोरी नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *