मोदीनगर। कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश में नगर की देवेन्द्रपुरी कॉलोनी निवासी यश शर्मा पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
यश शर्मा के अनुसार किदवईनगर कॉलोनी निवासी रिहान से दो दिन पहले उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस समय लोगों ने मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि शुक्रवार रात यश शर्मा निवाड़ी रोड पर टहल रहा था। तभी तीन बाइकों पर छह युवक आए और यश से गाली गलौज करते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने यश पर धारदार हथियार के अलावा लात घूसों से वार किए। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
