- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर आरोपितों ने कार से किया पीड़ित का पीछा
मोदीनगर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भोजपुर थाना क्षेत्र में कलछीना के निकट बेखौफ आरोपितों ने मंगलवार रात होटल के सुपरवाइजर पर जानलेवा हमला बोल दिया। उनपर फायरिंग भी की। गनीमत रही कि गोली नहीं लगी। आरोपितों पर कार से उनकी बाइक में टक्कर मारने का भी आरोप है। एक्सप्रेस-वे पर काफी दूरी तक उनका पीछा किया। आरोपितों ने पिस्टल की बट सिर में मारकर उन्हें लहुलहुान कर दिया। इसके बाद लोहे की रोड से ताबड़तोड़ वार किये। मामले में पुलिस ने एक आरोपित को नामजद व अन्य अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों को ट्रेस करने की पुलिस कोशिश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर हवा-हवाई होटल है। जहां मोदीनगर के गांव खंजरपुर के नितिन सुपरवाइजर हैं। उनके मुताबिक, होटल में कुछ आरोपित खाना खाने आए थे। यहां भुगतान को लेकर उनकी कैशियर से कहासुनी हो गई। इस बीच नितिन वहां पहुंचे और मामला सुलझाने लगे। इससे आरोपित और भड़क गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत किया। रात में करीब साढ़े 12 बजे नितिन अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर कलछीना के निकट पहुंचे तो आरोपित अपनी स्वीफ्ट कार से उनका पीछा करने लगे। उनकी बाइक पर टक्कर भी मारी। किसी तरह नितिन ने अपनी बाइक एक्सप्रेस-वे से नीचे उतारी और दौड़ाने लगे। आरोपित उनका पीछा करते रहे। थोड़ी ही दूरी पर टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। इस बीच फायरिंग भी की। गनीमत रही कि गोली नहीं लगी। इसके बाद आरोपितों ने उन्हें बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। तमंचे की बट से सिर पर वार किया। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद लोहे की राेड से ताबड़तोड़ वार किये। आरोपित नितिन को मृत समझकर मौके से भाग निकले। किसी तरह नितिन ने स्वजन को सूचना दी। वे उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनकी हालत गंभीर बनी है। नितिन ने आरोपितों के खिलाफ भोजपुर थाने में शिकायत दी है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि नितिन की तहरीर पर सद्दाम व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपितों को पहचानने की कोशिश चल रही है। जल्द सभी की गिरफ्तारी होगी।