दनकौर। प्लॉट के विवाद में गढ़ी आजमपुर गांव के पास गर्दन में गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। युवक की पहचान चचूला गांव निवासी संदीप (30) के रूप में हुई है। संदीप के पिता उदयवीर की शिकायत पर पुलिस ने दादरी के तिलपता गांव निवासी विनोद, बॉबी, अमित मावी निवासी बिलासपुर समेत एक अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद कार लेकर फरार हुए आरोपियों ने पैदल जा रहे लोगों और बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
पुलिस को दी शिकायत में उदयवीर ने कहा है कि बेटे संदीप की करीब तीन माह पहले शादी हुई थी। कुछ माह पहले उसने गढ़ी आजमपुर गांव के नजदीक प्लॉट खरीदा था। रविवार को प्लॉट की चारदीवारी कराने के लिए संदीप मजदूर लेकर गया था। शिकायत के मुताबिक प्लॉट पर पहले से ही विनोद, बॉबी, अमित और एक अन्य शख्स लाल रंग की सेंट्रो कार में मौजूद थे।
आरोप है कि उसके बेटे ने जब चारदीवारी का काम शुरू कराया तो कार सवार लोग बाहर आ गए। सभी आरोपियों ने मिलकर निर्माण कार्य रोक दिया और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि बेटे के विरोध करने पर विनोद ने उसकी गर्दन में गोली मार दी। जिससे मौके पर ही संदीप की मौत हो गई। संदीप के दम तोड़ने के बाद चारों आरोपी घटनास्थल से कार लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी हत्या के बाद संदीप के गांव भी गए थे। गांव से एक महिला व बच्चों को कार में बैठाकर फरार हो गए। एसीपी ब्रजनंदन राय ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नामजद आरोपी प्लॉट काटने का काम करते थे। संदीप ने भी आरोपियों से ही प्लॉट लिया था। प्लॉट को लेकर दोनों पक्ष में कई माह से विवाद चल रहा था। स्थानीय पुलिस को भी विवाद की जानकारी थी। वारदात से करीब एक घंटा पहले भी एक पक्ष ने स्थानीय पुलिस को विवाद की सूचना दी थी। आरोप है कि पुलिस ने मौके पर जाकर विवाद सुलझाने का प्रयास नहीं किया।