Modinagar : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में भोजपुर के प्राथमिक विद्यालय बखरवा में जनपदस्तरीय शैक्षिक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में जनपद पदाधिकारियों के साथ साथ सभी विकास खण्डों के शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। गोष्ठी का शुभारंभ संघ के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यकर्मों की प्रस्तुति की गई। जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा ने कहा कि शासन द्वारा नित नए आदेशों को निर्गत करके शिक्षकों पर ऑन लाइन कार्यकर्मों का दबाब बनाया जाता है। शासन द्वारा किसी भी विद्यालय को ऑनलाइन कार्यक्रम हेतु कोई भी संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। ऐसे में निजी संसाधनों द्वारा ऑनलाइन कार्यकर्मों को पूर्ण कराना सम्भव नहीं है। शासन पहले प्रत्येक विद्यालय को संसाधन उपलब्ध कराए, उसके पश्चात ऑनलाइन कार्यकर्मों की बात करे। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ0 अनुज त्यागी ने बताया कि कोविड महामारी के कारण बच्चे विद्यालयों से दूर रहे हैं जिससे उनमें काफी लर्निग गैप आ गया है, उनकी शिक्षा काफी प्रभावित हुई है। ऐसे में बच्चों को सुरक्षित परिवेश देने के साथ साथ उन्हें उनकी कक्षा के अनुरूप शिक्षा की मुख्य धारा से जोडना वास्तव में शिक्षकों के लिए बेहद चुनौती पूर्ण है। कार्यक्रम का संचालन बबीता चौधरी एवं लक्ष्मण राठी ने किया। ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पेंद्र चौधरी ने सभी का आभार किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदेश मित्तल, प्रान्तीय उपाध्यक्ष डॉ0 अनुज त्यागी, ब्लॉक अध्यक्ष लोनी मनोज डागर, ब्लॉक अध्यक्ष भोजपुर पुष्पेंद्र सिंह, मुरादनगर अध्यक्ष अमित यादव, रजापुर अध्यक्ष व जिला संयुक्त मंत्री मनोज त्यागी, जिला कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार, प्रवीण कुमार, अमित चौधरी, अर्चना, अरविन्द शर्माए, निशी रानी शर्मा आदि उपस्थित रहे।