मोदीनगर :भोजपुर के गांव अमीरपुर नंगोला निवासी किसान उम्मेद सिंह को साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट कर 95 हजार रुपये ठग लिए। साइबर अपराधियों ने क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर किसान को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव नंगला अमीपुर के उम्मेद के मुताबिक, उनके पास अज्ञात नंबर से काल आई थी। काल उठाई को एक आरोपी बोल रहा था। उसने खुद को पुलिस का अधिकारी बताया। कहा उनके बेटे अंकुर को पकड़ा गया है। उसने गंभीर अपराध किया है। दो लाख रुपये मिल जाएंगे तो उसे छोड़ देंगे। वरना जेल भेज दिया जाएगा। आरोपी ने करीब 15 मिनट पर उम्मेद को बातों में उलझाए रखा। स्थानीय पुलिस से इस बारे में नहीं बताने के लिए भी कहा। उम्मेद आरोपी की धमकी से बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने दो किस्तों में आरोपी के खाते में 95 हजार रुपये भेज दिये। तभी से आरोपी का मोबाइल बंद है। जबकि बेटे को किसी ने पकड़ा ही नहीं था। उम्मेद ने थाने में शिकायत दी है। एसीपी ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जल्द उसकी गिरफ्तारी होगी।