मोदीनगर

भोजपुर थाना क्षेत्र मे चोरी छिपे क्षेत्र में घूम रहे जिलाबदर आरोपी को भोजपुर पुलिस ने सोमवार को पकड़ लिया। आरोपी को पुलिस ने छह महीने के लिए जिलाबदर किया हुआ था। लेकिन वह गांव में ही घूम रहा था। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव अमराला का आर्यन चौधरी है। आरोपी ने करीब नौ महीने पहले मुलतानीमल मोदी डिग्री कालेज में छात्र पर पिस्टल तान दी थी। पुलिस ने तब भी इसे जेल भेजा था। आरोपी जमानत पर आने के बाद भी आपराधिक घटनाएं कर रहा था। इसलिए पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दो महीने पहले जिलाबदर की कार्रवाई की थी। लेकिन आरोपी गांव में ही चोरी-छिपे रह रहा था। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। ध्यान रहे कि आरोपी ने मुलतानीमल मोदी कालेज में तीन दिन पहले भी एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *