मोदीनगर निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव अबुपुर में सामान लेकर घर लौट रहे युवक पर आरोपितों ने धारदार हथियार से वार कर दिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा है। ऐसे में गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस गांव में गश्त कर रही है। दो नामजद समेत अज्ञात आरोपितों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। गांव अबुपुर के कृष्णपाल के मुताबिक, उनके बेटे भूपेंद्र की गांव के ही कुछ युवकों से पुरानी रंजिश चल रही है। भूपेंद्र सोमवार शाम को बाजार से सामान खरीदने गए थे। इस बीच रास्ते में कुछ आरोपित खड़े थे। वे लाठी-डंडों व धारदार हथियार से लैस थे। भूपेंद्र जब सामान लेकर लाैटने लगे तो आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच आरोपितों ने उनपर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किये। इसके बाद धारदार हथियार से वार कर दिया। जिससे उनके चेहरे पर गंभीर घाव हो गया। खून से लथपथ हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो समुदायों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस भी दौड़ी। पीड़ित से घटना की जानकारी ली। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि कृष्णपाल की शिकायत पर साजिद, अब्दुल्ला व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द सभी की गिरफ्तारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *