मोदीनगर
गोविंदपुरी स्थित डबल स्टोरी कालोनी में दबंगों ने दो भाइयों पर पंच व सरिये से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में एक युवक तो बेहोश भी हो गया। आसपास के लोग जब आने लगे तो आरोपी भाग निकले। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। डबल स्टोरी कालोनी के संजय चौधरी के दो बेटे हर्ष व विशाल हैं। दोनों बेटे शाम के समय घर के बाहर खड़े थे। इसी बीच कुछ आरोपी आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हर्ष को पीटना शुरू कर दिया। आरोपित सरिये व लोहे के पंच से लैस थे। हर्ष को इतना पीटा कि वे खून से लथपथ हालत में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। बचाने के लिए भाई विशाल दौड़ा तो आरोपी नें उन्हें भी बुरी तरह पीटा। आरोपियों के आक्रोश को देखते हुए आसपास के लोग भी बीच-बचाव की हिम्मत नहीं जुटा सके। जब मौके पर भीड़ जमा होने लगी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सीएचसी मोदीनगर में दोनों का मेडिकल परीक्षण भी हुआ। एसीपी ने बताया कि आरोपी वंश, अनमोल व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द इनकी गिरफ्तारी होगी।
