• आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग काे लेकर थाने पहुंचे लोग

मोदीनगर

भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव त्योड़ी-7 बिस्वा में दो लाख रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला बोल दिया। उनपर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किये। युवक को गंभीर चोट आई है। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को काफी लोग भोजपुर थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। पुलिस ने जल्द आरोपितों को पकड़ने का भरोसा देकर शांत किया। आठ आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव त्योड़ी-7 गांव के मुस्तफा के मुताबिक, गांव के ही कुछ आरोपित पिछले छह महीने से उनपर प्रतिमाह रंगदारी देने का दबाव बना रहे हैं। उनके साथ गाली-गलौज करते हैं। कई बार धमकी भी दी जा चुकी है। 15 दिन पहले भी उनके साथ मारपीट की थी। अब आरोपितों ने दो दिन पहले मुस्तफा के घर में घुसकर जानलेवा हमला बोल दिया। लाठी-डंडे व धारदार हथियार से वार कर उन्हें घायल कर दिया। गला दबाकर हत्या की कोशिश भी की। दो लाख रुपये नहीं देने पर हत्या की धमकी देकर आरोपित चले गए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपित पिस्टल व तमंचा भी रखते हैं। सभी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इनपर पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में इनमें पुलिस का खौफ नहीं है। शनिवार रात पुलिस ने केस दर्ज किया। रविवार सुबह काफी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। एसएचओ ने उन्हें किसी तरह शांत किया। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपित उस्मान, इकबाल, सादाब, सावेज, शोएब, मुस्लिम, राशिद व वाहिद के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। छानबीन चल रही है। जिसकी भूमिका सामने आएगी, उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *