Modinagar कर्नाटक से शुरू हुए हिजाब विवाद पर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों को कटघरे में खड़ा किया है। उनका कहना है कि पांच राज्यों के चुनाव में फायदा उठाने के लिए यह विवाद राजनैतिक साजिश के तहत जबरन गरमाया जा रहा। महिलाओं के पहनावे पर उन्माद क्यों के सवाल पर कांग्रेसी नेता सुरेश शर्मा व नगर अध्यक्ष आशीष शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि जब हमारा संविधान मौलिक अधिकार देता है तो किसी धर्म विशेष की महिलाओं के पहनावे पर उन्माद क्यों। महिला क्या पहनेगी, ये उसका अधिकार है। कहा कि ऐसी घटनाएं कही भी  सांप्रदायिक माहौल को खराब कर सकती हैं।
भाजपा गरमा रही मुद्दा
युवा नेता आशीष शर्मा कहते है कि भाजपा ने विकास के नाम पर कुछ किया नहीं हैं। इसलिए ऐसे मुद्दों को गरमाती रही है। हिजाब विवाद के जरिए फिर आपसी भाईचारा खत्म करने की कोशिश हो रही है। कर्नाटक के कालेज में मुस्लिम लड़कियों के हिजाब में जाने पर पहले तो किसी ने आपत्ति नहीं की। जिन्होंने कभी आजादी की लड़ाई में हिस्सा नहीं लिया, अपने कार्यालय पर तिरंगा नहीं लहराया, वही लोग हिजाब पहनने का विरोध कर रहे हैं। आशीष शर्मा कहते है कि देश की तमाम शैक्षिक संस्थाओं में मुस्लिम छात्राएं हिजाब-बुर्के में जाती रही हैं, कभी वहां के प्रबंधन या अन्य ने विरोध नहीं किया, क्योंकि यह महिला की निजता से जुड़ा मामला है। घूंघट करना और बुर्का पहनना भारतीय संस्कृति का हिस्सा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *