मोदीनगर। कोतवाली क्षेत्र की हल्का गोविंदपुरी पुलिस चौकी के सामने शुक्रवार को दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इससे आंदोलनकारी महिलाओं में आक्रोश है। महिलाओं ने पुलिस पर आरोपी से मिलीभगत का आरोप लगाया। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी पर कार्रवाई के स्थान पर उल्टा उनपर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी से साठगांठ के कारण उन पर मुकदमा दर्ज किया है। नगर की विजयनगर कॉलोनी निवासी महिला गीता, पूनम, संगीता, मीनाक्षी, किरन, रजनी, पूजा, कविता, संजू और शिमला समेत 15 से अधिक महिलाओं का आरोप है कि नगर की संतपुरा कालोनी निवासी चेतन माहेश्वरी ने उन्हें सरकारी योजना के तहत ब्याज मुक्त 50 हजार रुपये का ऋण दिलाने का झांसा देकर उनके दस्तावेज लेकर कई बैंकों में उनके नाम से खाते खुलवा लिए और उन खातों ने ब्लैकमनी का लाखों रुपये का लेनदेन कर लिया। महिलाएं चेतन माहेश्वरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर गोविंदपुरी पुलिस चौकी पहुंची थीं। जहां महिलाओं ने चौकी प्रभारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया था। आक्रोशित महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए पुलिस पर आरोपी से साठगांठ का आरोप लगाया था। एसएचओ मोदीनगर ने महिलाओं को कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया था। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि गोविंदपुरी चौकी प्रभारी की तहरीर पर 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ जाम लगाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिलाओं की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच एंटी फ्रॉड सेल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *