• नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और सभासदों पर की थी टिप्पणी

मोदीनगर। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और सभासदों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने भाकियू इंडिया नामक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेन्द्र पहलवान और पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबली गुर्जर समेत 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना से सभासदों और नगर पालिकाकर्मियों व अधिकारियों में आक्रोश है। बीती एक जुलाई को भारतीय किसान यूनियन इंडिया संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेन्द्र पहलवान और पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबली गुर्जर के नेतृत्व में लोगों ने नगर पालिका परिषद प्रदर्शन करते हुए धरना दिया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया था कि नगर पालिका प्रशासन सीकरी खुर्द रजवाहे पर बने पुल को जबरन तोड़ने का षड्यंत्र कर रहा है। सभासदों और पालिका अधिकारियों का आरोप है कि धरने के दौरान मुनेन्द्र पहलवान ने अधिशासी अधिकारी व सभासदों पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आपत्तिजनक टिप्पणी से सभासदों में आक्रोश पैदा हो गया। सभासद संघर्ष समिति के बैनर तले सभासदों ने बैठक पर मामले की घोर निंदा की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सभासद संघर्ष समिति के अध्यक्ष वेदपाल चौधरी की ओर से थाने पर तहरीर दी गई, जिसमें 28 के हस्ताक्षर हैं। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुनेन्द्र पहलवान निवासी गांव डीलना भोजपुर व रमेश चंद उर्फ बबली गुर्जर निवासी वेद विहार कॉलोनी मोदीनगर समेत 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत आपराधिक धमकी से संबंधित धारा 351 (3), मानहानि की धारा 356 (1) व कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *