मोदीनगर
दिल्ली- मेरठ मार्ग पर महेंद्रपुरी गेट के सामने गहरे गड्ढे में पहिया आने के कारण पेपर शीट से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। कैंटर पलटने के चलते मार्ग पर जाम लग गया। सुबह सात बजे से लगा जाम दोपहर 12 बजे तक लगा रहा। यातायात पुलिस कर्मी यातायात सुचारू कराने में जुटे रहे।
जिला बागपत के छपरौली निवासी सुहैल सोमवार सुबह कैंटर में पेपर शीट लेकर मुजफ्फरनगर से साहिबाबाद जा रहे थे। लगभग सात बजे दिल्ली मेरठ मार्ग पर मोदीनगर महेद्रपुरी गेट सामने पहुंचते ही अचानक कैंटर का पहिया सड़क पर बने गहरे गड्डे में आ गया। जिस कारण कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। कैंटर में भरी पेपर शीट सड़क पर फैल गई। जिस कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। देखते ही देखते दिल्ली मेरठ मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण मेरठ से गाजियाबाद की ओर जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर 12 बजे तक दूसरे ट्रक में पेपर शीट लाद कर यातायात को सुचारू कराया। एसीपी का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।