• दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भोजपुर के निकट हुआ हादसा
  • मिनी बस से हरिद्वार गए थे लोग, फरीदाबाद लौटते समय हुआ हादसा

मोदीनगर :दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भाेजपुर के निकट कैंटर ने मिनी बस में टक्कर मार दी। हादसे में मिनी बस सवार युवती की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी लोग हरिद्वार घूमकर वापस हरियाणा के फरीदाबाद लौट रहे थे। भोजपुर क्षेत्र में मिनी बस के पहिये में पंचर हो गया। उसे सही करने के लिए साइड में रोका गया था। इस बीच पीछे से आ रहे कैंटर ने टक्कर मारी। मामले में पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हरियाणा के फरीदाबाद की गांधी कालोनी के संजय कुमार मिनी बस चलाते हैं। 27 दिसंबर को वे मिनी बस में करीब बीस सवारी लेकर फरीदाबाद से हरिद्वार के ऋषिकेश गए थे। घूमने के बाद वह फरीदाबाद लौट रहे थे। मेरठ के परतापुर से वे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर चढ़े। सुबह करीब आठ बजे जब वे भोजपुर के निकट पहुंचे तो अचानक मिनी बस के टायर में पंचर हो गया। संजय बस को साइड में रोककर पहिया बदलने लगे। इस बीच मेरठ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बस में जाेरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में बैठी युवती पूजा, चालक संजय समेत पांच घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य सवारियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पूजा का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि बस चालक के भाई महेश कुमार की तरफ से कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। जल्द गिरफ्तारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *