मांग पूरी नहीं हुई तो भाकियू पदाधिकारी शुगर मिल तक निकालेंगे पैदल मार्च

मोदीनगर सात सूत्रीय मांगाें को लेकर भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के पदाधिकारियाें का चल रहा धरना चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। प्रशासन व गन्ना विभाग के अधिकारी किसानों के बीच वार्ता करने पहुंचे। लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका। अब पदाधिकारियों ने एक फरवरी को मोदीनगर तहसील से शुगर मिल तक पैदल यात्रा निकालने की घोषणा की है। सभी मांगें पूरी नहीं होने तक पदाधिकारियों ने आंदोलन को जारी रखने की चेतावनी दी है। बकाया गन्ना भुगतान, आवारा पशुओं की समस्या का निस्तारण, बिजली विभाग द्वारा किसानों के उत्पीड़न को रोकना, अंश बदलने के नाम पर किसानों से शुल्क बंद करना समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू किसान सभा के पदाधिकारी चार दिन से मोदीनगर तहसील में धरने पर हैं। वे रात में तहसील में ही सो रहे हैं। बृहस्पतिवार को गन्ना विभाग व प्रशासन के अधिकारी उनके बीच पहुंचे और समस्याओं के जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। लेकिन पदाधिकारी तत्काल निस्तारण पर अड़े रहे। अधिकारियों की काफी मान-मनौव्वल के बाद भी पदाधिकारियों ने धरना खत्म नहीं किया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतेंद्र त्यागी का कहना है कि एक फरवरी को पदाधिकारी तहसील से शुगर मिल तक पैदल यात्रा निकालेंगे। यह निर्णय पदाधिकारियों के साथ बैठक में लिया गया है। इस मौके पर देवव्रत धामा, विनीत त्यागी, अरूण कसाना, आशु त्यागी, रजनीश प्रधान, उपदेश प्रधान, मोहसिन खान, ताहिर खान, गौरव त्यागी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *