Modinagar सोमवार की दोपहर 1 बजे के आसपास प्री-बोर्ड की परीक्षा देकर आ रही साईकिल सवार इंटर की छात्रा के साथ बाइक सवार युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर युवकों ने छात्रा को मारपीट कर घायल कर दिया। छात्रा के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
नगर की एक कॉलोनी में एक व्यक्ति परिवार सहित रहते है। उनकी (16) वर्षीय पुत्री इंटर की छात्रा है। इन दिनों छात्रा की प्री-बोर्ड की परीक्षा चल रही है। सोमवार एक बजे के आसपास छात्रा परीक्षा देकर वापस साईकिल पर कॉलेज से अपने घर की ओर जा रही थी। जब वह दिल्ली मेरठ मार्ग पर राज चोपला पर पहुंचे तो बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक कर बाइक को साईकिल के आगे लगा दिया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने छात्रा पर अश्लील टिप्पणी करनी शुरू कर दी है। हद तो तब हो गई, जब युवकों ने छात्रा को जबरदस्ती बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर युवकों ने छात्रा के साथ मारपीट भी की। चीख पुकार सुन लोगों को आता देखकर आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। छात्रा अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस चौकी पर दी है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
