मोदीनगर
दिल्ली मेरठ मार्ग पर मोदी मंदिर के सामने बाइक सवार बदमाशों ने रविवार रात महिला के हाथ से मोबाइल छीन लिया। महिला का शोर सुनकर वहां से गुजर रहे स्कूटीसवार ने लात मारकर आरोपियों को गिरा दिया। जिसके बाद आसपास के लोगों ने आरोपियों को पकड़कर धुन दिया और तीनों को थाने ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है। कोतवाली क्षेत्र की गोयलपुरी कालोनी की महिला नीरज गृहणी हैं। वे रविवार को मोदी मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए आई थी। वे यहां से रात को करीब साढ़े नौ बजे निकली। इस बीच उनके मोबाइल पर काल आई। जैसे ही वे काल पर बातें करने लगी तो पीछे से एक बाइक पर तीन आरोपी आए और उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देने की कोशिश की। महिला ने तुरंत शोर मचा दिया। इस बीच पीछे से आ रहे स्कूटी सवार युवक ने आरोपियों की बाइक में लात मार दी। जिससे वे अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। इतने ही आसपास के लोगों ने आरोपियों को पकड़कर धुन दिया। उनके कब्जे से महिला का मोबाइल भी बरामद हो गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। आरोपित को थाने लाया गया। नीरज की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया। आरोपियों को पकड़कर थाने लाने का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हाे रहा है। ध्यान रहे कि दस दिन पहले भी गोविंदपुरी के मेन बाजार में बाइकसवार बदमाशों ने महिला के गले से चेन छीन ली थी। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मेरठ के शास्त्रीनगर के तरूण, लक्ष्य उर्फ मुनमुन और सोहन हैं। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई चल रही है।