मोदीनगर

कोतवाली क्षेत्र के बिसोखर में दबंगों ने नगरपालिका की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की। नगरपालिका की तरफ से लगाए एक हजार जामुन के पौधों को नष्ट कर दिया। ट्रैक्टर से जमीन पर जुताई भी कर दी। सूचना पर पहुंची नगरपालिका की टीम ने जांच की। नगरपालिका के उद्यान अनुभाग के सहायक प्रभारी की तरफ से मोदीनगर थाने में दो आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। मोदीनगर नगरपालिका की बिसोखर गांव में जमीन है। अभिलेखों में भी यह सरकारी भूमि के नाम पर दर्ज है। पिछले दिनों नगरपालिका की तरफ से इस जमीन पर जामुन के पौधे लगाए गए थे। लेकिन दबंगों ने ट्रैक्टर से जमीन पर जुताई कर दी। जमीन कब्जाने के मकसद से सभी पौधों को भी नष्ट कर दिया। इसकी सूचना नगरपालिका कर्मी महेश की तरफ से अधिकारियों काे दी गई। जिसपर हल्का लेखपाल व अन्य ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। सूचना पुष्ट निकली। सभी पौधे जड़ समेत मिट्टी में मिल चुके थे। छानबीन करने पर बिसोखर के हरवीर व राजू का नाम सामने आया। आरोप है कि इन्हीं ने ट्रैक्टर से जुताई कर जमीन पर कब्जे की कोशिश की है। मामले में एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि सहायक प्रभारी राजेश कुमार की शिकायत पर दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। छानबीन चल रही है। जल्द इनकी गिरफ्तारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *