- महिलाओं को बुरी तरह पीटा, तहरीर पर जांच कर रही पुलिस
मोदीनगर निवाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के केस को वापस लेने के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने का मामला सामने आया है। मना करने पर आरोपितों ने किशोरी के स्वजन से मारपीट कर दी। केस वापस नहीं लेने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। तभी से पीड़ित परिवार दहशत में हैं। मामले में किशोरी की भाभी ने निवाड़ी थाने में शिकायत दी है। पुलिस जांच कर रही है।
एक गांव के व्यक्ति के मुताबिक, उनकी 14 वर्षीय बहन का जुलाई 2024 में आरोपित ने अपहरण कर लिया था। पुलिस ने केस दर्ज कर किशोरी को बरामद कर लिया था। किशोरी ने युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसलिए पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई। अब आरोपित युवक के स्वजन पीड़ित परिवार पर मुकदमे में फैसले के लिए दबाव बना रहे हैं। आए दिन मुकदमे में फैसले के लिए कहते हैं। पीड़ित परिवार के मुताबिक, शनिवार शाम को आरोपित पक्ष के कई लोग उनके घर पहुंचे और समझौता करने का दबाव बनाने लगे। समझौता करने से इनकार करने पर आरोपित ने पीड़िता व उसकी भाभी की बेरहमी से पीट दिया। उन्हें लात-घुसों से बुरी तरह पीटा। चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़िता की भाभी ने निवाड़ी थाने में तहरीर दी है। एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। किसी के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।