-चोरी रोकने के दौरान धारदार हथियार से किया वार
मोदीनगर : मोदीनगर के शाहजहांपुर गांव में एक मोबाइल टावर की निगरानी कर रहे युवक पर हमला हुआ। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। आरोप है कि आरोपी टावर से सामान चोरी करने आए थे। लेकिन जब उन्होंने युवक को देखा तो हमला कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मेरठ के परतापुर के भूपेंद्र कुमार एक मोबाइल कंपनी में नौकरी करते हैं। उनका काम रात में टावर पर निगरानी करने का भी है। जिससे कोई आरोपी टावर से सामान चोरी ना कर सके। मंगलवार रात को करीब दो बजे वे शाहजहांपुर गांव में साथी के साथ टावर पर निगरानी करने गए थे। जैसे ही वे टावर परिसर में पहुंचे तो तीन आरोपियों ने उनपर हमला बोल दिया। धारदार हथियार से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। भूपेंद्र कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी फरार हो गए। साथी ने उनका अस्पताल में उपचार कराया। उनके सिर पर गंभीर चोट है। बुधवार को भूपेंद्र ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर अावश्यक कार्रवाई की जाएगी।
