मोदीनगर। ऋण दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार अपराह्न गोविंदपुरी चौकी पहुंची महिलाओं ने चौकी प्रभारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए चौकी के सामने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और वाहन चालकों में नोकझोंक भी हुई। मौके पर पहुंचे एचएचओ ने आक्रोशित महिलाओं को कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के विजयनगर से मीनाक्षी,किरन,रजनी,पूजा समेत बड़ी संख्या मेें महिलाएं शुक्रवार दोपहर को गोविंदपुरी चौकी पर पहुंची थी। उन्होंने पुलिस काे बताया कि संतपुरा कालोनी निवासी चेतन माहेश्वरी ने उन्हें लोन दिलाने का झांसा दिया और रकम ऐंठी। उनसे कहा कि सरकारी योजना के तहत महिलाओं को कम ब्याज दर पर 50 हजार रुपए लोन मिलेगा। इसके लिए उसने किसी व्यक्ति से मुलाकात कराई। महिलाओं से उनके दस्तावेज लिये। इसके बाद आरोपी ने उन दस्तावेजों से बैंक में खाता खोल दिया। एटीएम कार्ड तक जारी करा लिये। इन खातों से हर माह लाखों रुपए का लेनदेन हो रहा है। जब इसकी जानकारी हुई तो महिलाएं बैंक गई। लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। महिलाओं का आरोप है कि उनके नाम से खाते खोलकर काला धन इकट्ठा किया गया। उन्हें झांसे में लेकर खाते खोल दिये। महिलाओं ने शुक्रवार को मोदीनगर थाने में शिकायत की। वहां से महिलाओं को गोविंदपुरी चौकी भेज दिय गया। लेकिन वहां पुलिसकर्मियों ने उनकी एक नहीं सुनी। गुस्साई महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। सड़क पर जाम लगा दिया। जिसके चलते वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई। आरोप है कि इस दौरान किसी पुलिसकर्मी ने एक गर्भवती महिला से अभद्रता कर दी। उनका मोबाइल भी छीन लिया। इससे महिलाओं का गुस्सा और बढ़ गया। मामले में एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। किसी के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।