-सरकारी काम में बाधा के आरोप में 10 नामजद व 60 अज्ञात पर केस
मोदीनगर थाना क्षेत्र की निवाड़ी रोड पर बिजली घर के समीप खड़ी बाइक में टक्कर लगने से घायल जगतपुरी निवासी 35 वर्षीय बोबी की मौत के बाद लोगों में आक्रोश पैदा हो गए। शव थाने के सामने सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत किया। पुलिस ने सड़क जाम करने वाले लोगों पर ही केस दर्ज किया है। इसमें दस नामजद व 60 अज्ञात हैं। मौके पर वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
निवाड़ी रोड स्थित जगतपुरी कालोनी के बोबी ई-रिक्शा चालक थे। वह पत्नी पूनम व चार बच्चों के साथ जगतपुरी कॉलोनी में रहते थे। पत्नी पूनम ने बताया कि बोबी बीती 19 फरवरी की रात करीब नौ बजे निवाड़ी मार्ग स्थित बिजली घर के समीप खड़े थे। तभी एक बेकाबू बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोबी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया वहां से बोबी को मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ में उपचार के दौरान शनिवार रात बोबी की मौत हो गई। परिजन पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम बोबी का शव लेकर मोदीनगर थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ने निवाड़ी रोड चौकी प्रभारी पर आरोपियों से पैसे लेकर उन्हें छोड़ने का आरोप लगाया। चौकी प्रभारी ने तहरीर में बाइक पर दो लोगों का ही नाम लिखने का दबाव बनाया था। भीड़ ने थाने पर हंगामा करने के बाद थाने के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। मुख्य मार्ग पर कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 20 मिनट तक जाम लगा रहा। एसीपी ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।एसीपी ने बताया कि सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में 10 लोगों को नामजद व 60 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई चल रही है