यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे राया (मथुरा) में विकसित होने वाली हेरिटेज सिटी (नया वृंदावन) की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने के लिए अमेरिकी कंपनी सीबीआरई का चयन किया गया है। यह कंपनी हेरिटेज सिटी की डीपीआर दो महीने में बनाएगी। कंपनी डीपीआर में वित्तीय और विकास के मॉडल भी सुझाएगी। मथुरा में रविवार को मुख्यमंत्री इस परियोजना का प्रजेंटेशन देखेंगे।

यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे मथुरा जिले में राया हेरिटेज सिटी बसाई जाएगी। प्रदेश सरकार ने इसके मास्टर प्लान को पहले ही हरी झंडी दे दी है। इसकी डीपीआर बनाने के लिए कंपनी का चयन करने के लिए यमुना प्राधिकरण ने 26 नवंबर को टेंडर निकाला था। डीपीआर बनाने के लिए एलईए एसोसिएट्स साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड, प्राइस वाटर हाउस कूपर्स प्राइवेट लिमिटेड, टाटा कंसलटिंग इंजीनियर्स लिमिटेड, सीबीआरई साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड, वाप्कोस लिमिटेड व रुद्राभिषेक इंटरप्राइजेज ने रुचि दिखाई थी। यमुना प्राधिकरण ने बुधवार को कंपनी का चयन कर लिया। राया सिटी की डीपीआर के काम का जिम्मा सीबीआरई साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। यह कंपनी दो महीने में अपनी रिपोर्ट सौंप देगी।

यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे बसाए जाने वाले इस नए शहर में पर्यटन, रिवर फ्रंट समेत तमाम तरह के भू उपयोग की उपलब्धता रहेगी। नए शहर में ब्रज की पुरानी संस्कृति को दिखाया जाएगा। यहां पुरानी हाट, ऋषि-मुनियों के आश्रम, म्यूजियम, मिनिएचर और गांव व वनों को बनाया जाएगा। नए शहर में औद्योगिक, आवासीय, रीक्रिएशनल ग्रीन, ट्रांसपोर्ट, पर्यटन जोन, ग्रामीण आबादी, व्यावसायिक, मिश्रित उपयोग, ऑफिसेज, रीवर फ्रंट, वाटर बॉडी आदि के लिए जगह तय कर दी गई है।

यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे राया (मथुरा) के पास 9350 हेक्टेयर में नया वृंदावन शहर बसाया जाएगा। नए शहर में पर्यटन पर जोर होगा। पहले चरण में पयर्टन जोन ही विकसित किया जाएगा। 731 हेक्टेयर पर पर्यटन जोन और 110 हेक्टेयर में रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *