मोदीनगर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने सोमवार को मोदीनगर तहसील पर हंगामा किया। इस दौरान अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। पदाधिकारियों ने नई कृषि पालीसी की प्रतियां जलाई। जाेरदार प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नई कृषि पालिसी किसानों के खिलाफ है। पूर्व में सरकार ने जिन कृषि कानूनों को वापस लिया था, उन्हीं से संबंधित बिंदु इस पालिसी में शामिल किये गए हैं। सुबह करीब 11 बजे पदाधिकारी मोदीनगर तहसील पहुंचे थे। यहां गेट पर सभी ने भाकियू व किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद नई कृषि पालिसी की प्रतियों में आग लगानी शुरू कर दी। अधिकारियों व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पदाधिकारियों ने कहा कि हाल ही में सरकार कृषि पालिसी लेकर आई है। किसानों के हित का दावा करने वाली सरकार ने पालिसी में किसानों को कुछ नहीं दिया है। जिन तीन कृषि कानूनों को लेकर इतने समय आंदोलन चला। उन्हीं के बिंदुओं को इसमें शामिल किया गया है। पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक इस नई कृषि पालिसी में संशोधन नहीं होगा तब तक भाकियू शांत नहीं बैठेगी। इसको लेकर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा। इस मौके पर पप्पी नेहरा, अजीत सिंह, पिंटू चौधरी, अजब सिंह, नेपाल सिंह, महेंद्र, राकेश, सचिन, रामनारायण, मोहित, अमित, चंद्रपाल, बिल्लू आदि उपस्थित रहे।
