मोदीनगर :निवाड़ी रोड स्थित ओमप्रकाश एन्क्लेव कालोनी में महिला पर मतांतरण का दबाव बनाने वाले आरोपित को निवाड़ी पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपित मतांतरण के लिए महिला को पांच लाख का प्रलोभन दे रहा था। पूछताछ में उसके खिलाफ पूर्व में कोई मुकदमा सामने नहीं आया है। साथ ही किसी व्यक्ति के मतांतरण की भी पुष्टि नहीं हुई है। आरोपित के फरार साथी पादरी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। उससे पूछताछ में काफी जानकारी पुलिस के हाथ लग सकेगी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित को बुधवार को कोर्ट में पेश कर दिया है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मोदीनगर की गुरुद्वारा रोड का उमेश कुमार है। 21 दिसंबर को आरोपित अपने साथी के साथ निवाड़ी रोड स्थित ओमप्रकाश एन्क्लेव कालोनी में महिला का मतांतरण कराने आया था। महिला पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने का अारोप था। इसके लिए उन्हें प्रलोभन भी दिया जा रहा था। सूचना पर हिंदू संगठनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस बीच आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से किताब व रुपये बरामद किये। सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को कब्जे में लिया। निवाड़ी थाने में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान की। बुधवार को दबिश देकर पकड़ लिया। एसीपी ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में मतांतरण के लिए दबाव की बात कबूली है। आरोपित पादरी की भी पुलिस तलाश में जुटी है। जल्द उसकी भी गिरफ्तारी होगी।
