मोदीनगर :नगर की गुरुद्वारा रोड पर बाइक हटाने को लेकर हुए विवाद में दबंगो ने युवक पर चाकू से वार कर दिया। विवाद दो समुदायों के लोगों के बीच की सूचना पर पुलिस दौड़ी और आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संगठनों ने थाने पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को जेल भेज दिया है। निवाड़ी रोड स्थित डिफेंस कालोनी के महेंद्र सिंह के मुताबिक, उनका बेटा चंद्रशेखर शनिवार रात को गुरुद्वारा रोड पर एक होटल से खाद्य सामग्री लेने गए थे। उन्होंने एक होटल के बाहर बाइक खड़ी की और दूसरे होटल में चले गए। इसपर होटल मालिक ने उन्हें बाइक हटाने के लिए कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि होटल मालिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर चंद्रशेखर को पीटना शुरू कर दिया। चाकू मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अलग अलग समुदाय का मामला होने से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हिंदू संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत किया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि मोदीनगर की किदवईनगर कालोनी के नसीम व रिजवान को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।