मोदीनगर : सुदामापुरी कालोनी में शुबह साढ़े चार बजे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। सोते समय बेड से बिजली के बोर्ड पर गिर गया था। मौके पर उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। हादसे के बाद से घर में कोहराम मचा है। कोतवाली क्षेत्र की सुदामापुरी कालोनी के दिनेश कुमार कामगार हैं। उनके 21 वर्षीय बेटे विवेक ने 2025 में ही 12वीं कक्षा पास की थी। अब वे ग्रेजुएशन के लिए एडमिशन लेने की तैयारी में थे। बृहस्पतिवार रात वे कमरे में सो रहे थे। पास में ही माता-पिता भी थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक विवेक बेड से गिर पड़े। बेड के बराबर में ही बिजली का बोर्ड रखा था, उस समय बोर्ड में विद्युत सप्लाई भी चल रही थी। विवेक बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। उनके गिरने की आवाज सुनकर पिता व मां की आंख खुली। देखा तो विवेक करंट की चपेट में आकर तड़प रहे थे। तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद करके वे विवेक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने बताया कि विवेक होनहार छात्र था। 12वीं कक्षा में अच्छे नंबर से पास हुआ था।