मोदीनगर : महिला कल्याण विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर गांव पैंगा निवासी महिला से 4.94 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करने की मांग की। निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव पैंगा की प्रीति के मुताबिक, कुछ समय पहले पड़ोसी महिला रेनू से उनकी बात शुरू हुई। रेनू ने कहा कि उनके परिचित अरविंद की महिला कल्याण विभाग में अधिकारियों से पहचान है। यदि किसी की नौकरी लगानी हो तो अरविंद लगवा सकता है। इसपर प्रीति ने अपनी नौकरी लगाने के लिए कहा। कुछ दिन बाद रेनू ने प्रीति को लखनऊ ले जाकर अरविंद से मिलवाया। वहां उनसे सुपरवाईजर पद पर नौकरी के लिए दो लाख रुपये मांगे। इसके अलावा भी कुछ खर्चे बताए। झांसे में आकर प्रीति ने रुपये देने शुरू कर दिये। छह महीने में नियुक्ति पत्र देने का अरविंद व रेनू ने भरोसा लिया। प्रीति से कई किश्तों में 4.94 लाख रुपये ले लिये। लेकिन साल भर बीतने के बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया। परेशान आकर प्रीति ने अपने रुपये लौटाने को कहा। जिसपर आरोपियों ने मना कर दिया। परेशान आकर प्रीति ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने एंटी फ्रांड से जांच कराई। अब डीसीपी ग्रामीण ने केस दर्ज करने के आदेश दिये। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपी पैंगा की रेनू व अरविंद कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जल्द इनकी गिरफ्तारी होगी।
