मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के तिबड़ा रोड स्थित डेबेकर जिम के बाहर आरोपियों ने ट्यूशन से लौट रहे छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया। उनपर ताबड़तोड़ वार किये। कड़े से सिर व आंख पर हमला किया, जिससे वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। खून से लथपथ हालत में छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम पुरानी रंजिश में दिया गया। पुलिस ने पांच आरोपियों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव तलहैटा के मनवीर त्यागी का पौता वंश त्यागी तिबड़ा रोड पर ट्यूशन जाता है। वह बृहस्पतिवार को अपने दोस्त आदित्य के साथ ट्यूशन से लौट रहा था। इस बीच जब वह जिम के सामने पहुंचा तो पांच आरोपी खड़े थे। वे धारदार हथियार से लैस थे। आते ही उन्होंने वंश पर हमला बोल दिया। आदित्य ने बीच-बचाव कराने की कोशिश की तो आरोपितों ने उन्हें भी पीटा। आरोप है कि आरोपियों के पास कड़े व पंच था। उन्होंने वंश के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिये। जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा। चूंकि आरोपी अधिक थे। ऐसे में वंश ने भागने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। आरोपित ने ताबड़तोड़ वार कर वंश को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उन्हें मृत समझकर भाग गए। सरेराह मारपीट से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन आरोपित पहले ही फरार हो चुके थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। मनवीर ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि अर्जुन, क्रिस समेत तीन अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सभी की तलाश में पुलिस जुटी है। जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
