मोदीनगर :नगर के गुरुद्वारा रोड पर बृहस्पतिवार रात कार में तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजाने को लेकर बलवा हो गया। आरोपियों ने कार सवार युवकों को बुरी तरह पीटा और कार तोड़ दी। कार सवारों ने आरोपियों पर सवा लाख रुपये की नकदी लूटने का भी आरोप लगाया है। पुलिस के पहुंचने पर भी आरोपी तोड़फोड़ करते रहे। पुलिस ने 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।भोजपुर थाना क्षेत्र के कस्बा फरीदनगर के सलीम व नाजिम बृहस्पतिवार रात को मोदीनगर की किदवईनगर कालोनी में अपनी रिश्तेदारी में आए थे। यहां से उन्होंने दो लाख रुपये नकद लिये थे। यहां से जाने के बाद वे कालोनी में ही होटल के पास कार में बैठे थे। तेज आवाज में गाने चला रहे थे। इस बीच एक युवक आया और तेज आवाज में गाने चलाने का विरोध किया। इसको लेकर सलीम व नाजिम की युवक से कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक अपने घर गया और स्वजन को सारी बात बताई। इससे गुस्साए युवक के स्वजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सलीम व नाजिम को पीटना शुरू कर दिया। लाठी-डंडों से दोनों को बुरी तरह पीटा। उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी। शीशे तक तोड़ दिये। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी। डायल 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को दबोच लिया।
जबकि अन्य मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने रकम लूटने का भी आरोप लगाया, पर पुष्ट नहीं हुआ। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि मोदीनगर की किदवईनगर कालोनी के शोएब उर्फ कुन्नी व शानू उर्फ काले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं। जल्द सभी की गिरफ्तारी होगी।
