मोदीनगर :दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गांव सीकरी कलां स्थित एक होटल में खाना खाने को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने युवकों को पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया और उन्हें गाड़ी से कुचलने का भी प्रयास किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोदीनगर के गांव सीकरी खुर्द के सौरभ अपने दोस्त अंकुश व सुनील के साथ सोमवार रात को गुर्जर ढाबे पर खाना खाने गए थे। यहां दो युवक पहले से ही खाना खा रहे थे। आरोप है कि आरोपित युवक सौरभ के साथ गाली-गलौज करने लगे। पहले तो उन्होंने अनसुना किया। लेकिन आरोपी बाज नहीं आए। सहन नहीं हाेने पर सौरभ ने विरोध किया। इसपर दोनों के बीच कहासुनी होेने लगी। इसपर आरोपियों ने अपने साथियों को काल कर मौके पर बुलाया। उस समय सौरभ, अंकुश व सुनील ढाबे के बाहर खड़े थे। आरोपी के साथी कार से आए और तीनों को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि कार रफ्तार में नहीं थी। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। लात-घूसाें से ताबड़तोड़ वार किये। इसके बाद एक आरोपी ने सौरभ के सीने पर पिस्टल तान दी। हत्या की धमकी दी। आसपास के लोग जब आने लगे तो आरोपित भाग निकले। पिस्टल की बट मारने का भी आरोप है। पीड़ित ने इस संबंध में मोदीनगर थाने में तहरीर दी है। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी
