-बजट के अलावा एक देश एक चुनाव का समर्थन प्रस्ताव भी पास
मोदीनगर नगर पालिका परिषद के हापुड़ मार्ग स्थित कार्यालय के सभागार में सोमवार को बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बैठक में 160 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। बोर्ड बैठक में बजट के अलावा एक देश एक चुनाव का समर्थन, प्रजापति समाज के लिए मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए स्थान, दो रोड रोलर खरीद और तिबड़ा मार्ग पर अतिक्रमण हटाने का भी प्रस्ताव पास हुआ। मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने सीकरी खुर्द महामाया देवी मंदिर के संपूर्ण विकास का प्रपोजल पेश किया।
बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष विनोद वैशाली व संचालन अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्रा ने किया। अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्र ने 160 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उन्होंने आय व्यय का ब्यौरा पेश किया। पालिका की आय के बराबर ही खर्च दर्शाया गया। पालिकाध्यक्ष विनोद वैशाली व सभासदों ने सर्वसम्मति से बजट पास कर दिया। पालिकाध्यक्ष विनोद वैशाली ने बताया कि प्रजापति समाज के लिए मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए भूमि आबंटित की गई है। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि दो रोड रोलर की खरीद की जाएगी। वार्ड बीस में पुरानी ट्यूबवेल परिसर की चहारदीवारी की जाएगी। नगर में अवैध ऑटो और ई-रिक्शा नियंत्रित करने के लिए प्रस्ताव किए गए। तिबड़ा रोड पर अतिक्रमण को रोकने को ट्रैफिक पुलिस को पत्र लिखा गया है। संस्कार पब्लिक स्कूल के पास पड़ी एलएमसी भूमि को संरक्षित किया जाएगा इसके अलावा तीस करोड़ रुपये साफ सफाई पर खर्च किए जाएंगे तो वहीं पेयजल पर सात करोड़ रुपये और पथप्रकाश पर छह करोड़ रुपये खर्चा होगा। बैठक में सफाई और खाद्य निरीक्षक अमरीश कुमार व दिनेश कुमार और राजस्व निरीक्षक के अलावा अंकित गोयल व ललित त्यागी के अलावा नगर पालिका परिषद के सभासदगण मौजूद रहे।
नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में 160 करोड़ रूपये का बजट सर्वसम्मत्ति से पास हो गया। सड़क निर्माण, पार्कों का सौंदर्याकरण और अन्य विकास कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। नरेन्द्र मोहन मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मोदीनगर
