बैंककर्मियों पर कार्रवाई नहीं होने धरना जारी रखने की चेतावनी

मोदीनगर:उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक से 32 लाख रुपये गायब होने के विरोध में धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के नेतृत्व में यह आंदोलन किया जा रहा है। पीड़ित चिकित्सक, उनके स्वजन व शहर से बड़ी संख्या में लोग धरनास्थल पर मौजूद रहे। चिकित्सक का आरोप है कि बैंककर्मियों की सांठगांठ से खाते से रकम निकली है। उनपर भी कार्रवाई होनी चाहिए। बृहस्पतिवार को एसीपी मोदीनगर धरनास्थल पर पहुंचे और चिकित्सक से बात की। लेकिन चिकित्सक ने बैंककर्मियों पर कार्रवाई और रकम मिलने पर ही धरना समाप्त करने की चेतावनी दी। पीड़ित डा. एसके शर्मा चिकित्सक हैं। मोदीनगर की श्रीनगर कालोनी में रहते हैं। उनके खाते से 17 से 19 फरवरी के बीच 32 लाख की रकम डेबिट हो गई। उन्होंने बैंक व थाने में शिकायत दी। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों की कार्यशैली से क्षुब्ध होकर उन्होंने बैंक के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने केस भी बुधवार को दर्ज किया। डा. एसके शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा अज्ञात में दर्ज किया गया है। जबकि इसमें बैंककर्मियों को भी नामजद कराया जाना जरूरी था। बिना बैंककर्मियों की सांठगांठ से इतनी बड़ी रकम खाते से निकलनी संभव नहीं है। बृहस्पतिवार को धरनास्थल पर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी पहुंचे और डा. एसके शर्मा के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि प्रकरण में पुलिस गंभीरता से काम कर रही है। तमाम एंगलों पर छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *