स्वजन ने लगाया हत्या का आरोप,पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई आत्महत्या की पुष्टि

मोदीनगर :कोतवाली क्षेत्र की चूना भट्ठी कालोनी में महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पैर पर चोट के निशान मिले हैं। स्वजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस छानबीन में जुटी है।मोदीनगर की मुलतानीपुरा पड़ाव की 32 वर्षीय कविता की शादी 12 साल पहले तिबड़ा रोड स्थित चूना भट्ठी कालोनी में दीपक के साथ हुई थी। यह प्रेम विवाह था। दीपक मजदूरी कर परिवार का पालन करते हैं। शादी के बाद से कविता ने बेटे प्रिंस को जन्म दिया। बुधवार को कविता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। डायल 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुटी। कुछ ही देर में स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। कविता के पैर में चोट का निशान था, जिससे खून निकल रहा था। स्वजन ने पति पर हत्या कर कविता के शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। इसपर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। अब बृहस्पतिवार काे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। जिसमें आत्महत्या की पुष्टि हुई। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत से पहले कोई मारपीट या चोट का साक्ष्य सामने नहीं आया है। कविता द्वारा आत्महत्या की पुष्टि हुई है। फिलहाल जांच की जा रही है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *